तेलका (चंबा)। लगातार हो रही बारिश के चलते तेलका-लचौड़ी सड़क मार्ग पर द्रवड़, गंभीर और हुट्टा क्षेत्र में भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गिरने से यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की मशीनों को मौके पर भेजा गया और सड़क से मलबा हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया। लगातार प्रयासों के बाद सड़क मार्ग को आज दोपहर करीब 2 बजे यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। हालांकि क्षेत्र में बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है, इसलिए वाहन चालकों से अपील है कि वे द्रवड़, गंभीर और हुट्टा क्षेत्र से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें तथा प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। संवाद