मजदूर यूनियन का दूसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन
चंपा देवी की नौकरी की बहाली के लिए एनएचपीसी प्रशासनिक भवन के बाहर बोला हल्ला
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। एनएचपीसी चमेरा के प्रशासनिक भवन के बाहर एनएचपीसी चरण-द्वितीय और तृतीय वर्कर यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सीटू के बैनर तले शनिवार को दूसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। यूनियन के पदाधिकारियों के साफ किया है कि जब तक नौकरी से निकाली गई महिला को वापस नौकरी पर नहीं रखा जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताते रहेंगे।
चमेरा-द्वितीय वर्कर यूनियन प्रधान अयूब खान, उपप्रधान फारुख मोहम्मद, सचिव संजय कुमार, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, संगठन मंत्री यशपाल, सदस्यों में दलीप, हैदर अली, पंकू, सुरेंद्र कुमार, कमल कुमार, विपिन ने बताया कि चमेरा प्रबंधन की ओर से चंपा देवी को 31 जनवरी 2024 को नौकरी से निकाल दिया गया। आधार कार्ड में चंपा देवी की 58 वर्ष उम्र को कारण बताया गया। पंचायत रिकॉर्ड ओर आयु प्रमाण पत्र में इनकी उम्र 54 साल है। एनएचपीसी के मुख्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार 60 वर्ष तक कर्मचारी कार्य कर सकता है। तमाम जरूरी दस्तावेज एनएचपीसी प्रबंधन और संबंधित ठेकेदार को उपलब्ध करवाए गए। बावजूद इसके चंपा देवी को नौकरी पर बहाल नहीं किया गया। तर्क दिया गया कि आधार कार्ड को दुरुस्त करवाने के बाद इन्हें नौकरी पर रख लिया जाएगा। प्रभावित ने आधार कार्ड अपडेट कर जमा करवाए, लेकिन चंपा देवी को नौकरी पर बहाल नहीं किया गया। जिला प्रशासन, एडीएम चंबा, जिला श्रम विभाग ने प्रबंधन और ठेकेदार को महिला को नौकरी पर रखने के आदेश दिए हैं, बावजूद इसके आदेशों को धत्ता बताया जा रहा है।