सिरमौर जिले की टीम के साथ होगा पहला मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बिलासपुर के लुहणू मैदान में राज्य स्तरीय अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। इसके लिए बुधवार को कुल्लू की टीम रवाना हुई। टीम की अगुवाई कप्तान पीयूष की ओर से की जाएगी। कुल्लू टीम के खिलाड़ियों का चयन 24 मार्च को हुए ट्रायल में किया गया था। चुने हुए खिलाड़ियों का एक शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें चुने हुए खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाई गईं। टीम के कोच असीम राणा ने कहा कि बुधवार को चुनी हुई टीम कुल्लू से रवाना हो गई है। बिलासपुर के लुहणू मैदान में होने वाली ट्रॉफी में कुल्लू के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि वीरवार को कुल्लू का मुकाबला सिरमौर से होगा। खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक एवं कुल्लू जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष दानवेंद्र सिंह ने टीम को रवाना होने पर जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।