चंबा। करियां पंचायत के बनाड़ गांव में सोमवार देर रात करीब दो बजे जमीत सिंह पुत्र जर्म सिंह के मकान के रसोई घर में आग लग गई। गांव वासियों ने मिलकर आग को बुझाया। सड़क सुविधा न होने के कारण दमकल विभाग की गाड़ियां वहां नहीं पहुंच पाईं। आग की चपेट में आने से रसोई घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग से कमरों को भी नुकसान पहुंचा है। अग्निकांड से परिवार को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मंगलवार सुबह सदर विधायक नीरज नैयर को जैसे ही घटना का पता चला तो वह एसडीएम को साथ लेकर वहां पहुंच गए। प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में 25,000 रुपये की मदद प्रदान की गई। पंचायत प्रधान दीपक राणा ने बताया कि आग मकान की ऊपरी मंजिल में स्थित रसोई घर में लगी, जिससे रसोई घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रसोई में रखा सामान और अन्य घरेलू सामग्री जलकर नष्ट हो गई। सदर विधायक ने प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। पंचायत भी प्रशासन से परिवार को नुकसान के बदले पूरा मुआवजा देने की सिफारिश करेगी। गनीमत रही कि अग्निकांड में सिर्फ मकान को क्षति पहुंची, जबकि परिवार सुरक्षित बच गया। एसडीएम चिराग शर्मा ने बताया कि प्रभावित परिवार को फौरी राहत दे दी गई है। पटवारी की रिपोर्ट पर अन्य सहायता प्रदान की जाएगी।