पांगी (चंबा)। किलाड़-हिल्लौर मार्ग बीते एक सप्ताह से यातायात के लिए बंद पड़ा हुआ है। भूस्खलन से जहां सड़क के डंगे गिर गए हैं वहीं जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से सरकारी बस सेवा और निजी वाहनों का लाभ भी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि किलाड़-हिल्लौर मार्ग पर क्षतिग्रस्त डंगों के स्थान पर नए डंगे लगाकर मार्ग पर गिरे मलबे और पत्थरों को यहां से हटाया जाए जिससे मार्ग वाहनों के लिए जल्द बहाल हो सके। हिल्लौर वार्ड पंच देसराज सहित पांगीवासियों सुरेश कुमार, राकेश कुमार, हरीश कुमार, पवन कुमार, सुरेंद्र कुमार कृष्ण चंद, पान चंद, ध्यान चंद, नारायण सिंह, किशन चंद, दिलीप कुमार, केशव आदि ने बताया कि हिल्लौर-किलाड़ मार्ग भूस्खलन के कारण कई जगह पर धंस चुका है। इतना ही नहीं मार्ग पर कई जगह पर होने वाले भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लगा हुआ है। इतना ही नहीं, क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए शिक्षण संस्थानों और कॉलेज तक पहुंचने के लिए भी पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग पांगी के उच्चाधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवाने की मांग की है।