कीड़ी में तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेलों का हुआ समापन
प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कीड़ी में तीन दिवसीय अंडर-14 खंड स्तरीय लड़कों की खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। इसमें 42 स्कूलों के 382 बच्चों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि शरणदास ठाकुर रहे। उन्होंने बच्चों को सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यकारी प्रधानाचार्य तिलक राज ने मुख्य अतिथि को शॉल-टोपी पहनाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बरोर को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ओवरऑल खिताब से नवाजा। वॉलीबाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खज्जियार विजेता जबकि राजकीय माध्यमिक विद्यालय भनौता उपविजेता रहा। कबड्डी प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय पल्युर विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गागला उपविजेता रहा। खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय जुम्हार विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चनेड़ उपविजेता रहा। बैडमिंटन में राजकीय उच्च विद्यालय ओडा विजेता और भाला स्कूल उपविजेता रहा। शतरंज में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल और कुश्ती प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरौर विजेता रहा। इस मौके पर जिला प्रारंभिक क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष अजय चौहान, ऑब्जर्वर राजीव राठौर, जोनल प्रभारी मनोज कश्मीरी, प्रतियोगिता के कन्वीनर संजीव, धर्म सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे।