सेब बगीचों में रूट बोरर के बढ़ते प्रकोप पर उद्यान विभाग ने जारी की एडवाइजरी
तने के पास मिट्टी हटाकर छेद, बुरादा या गोंद जैसे संकेतों की जांच भी करें
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। साहो क्षेत्र में सेब के बगीचों में रूट बोरर नामक हानिकारक कीट का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है।
यह कीट पौधों की जड़ों और तने के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचाकर पूरे पेड़ को कमजोर कर देता है जिससे पौधे सूखने लगते हैं। विभाग ने बागवानों को सलाह दी है कि शुरुआती अवस्था में तने के पास मिट्टी हटाकर छेद, बुरादा या गोंद जैसे संकेतों की जांच करनी चाहिए। यदि सुंडी दिखाई दे तो उसे पतली तार की मदद से निकालकर नष्ट किया जा सकता है। प्रभावित हिस्से पर कॉपर आधारित पेस्ट लगाने की सलाह दी गई है। अधिक प्रकोप होने पर छेदों में क्लोरपाइरीफॉस 20 ईसी 5-10 मिली प्रति लीटर पानी या अन्य अनुशंसित कीटनाशी दवा सिरिंज की मदद से डालकर छेद को मिट्टी से बंद करने की सलाह दी है। अत्यधिक संक्रमित पौधों को उखाड़कर नष्ट करना आवश्यक बताया गया है। उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह ने बागवानों को सलाह दी है कि वे अपने बगीचों को खरपतवार मुक्त रखें और पेड़ों के तनों पर किसी भी प्रकार की चोट न लगने दें। उन्होंने मानसून और वसंत ऋतु में विशेष रूप से बगानों का नियमित निरीक्षण करने की सलाह दी है। इस दौरान कीट का प्रकोप अधिक बढ़ जाता है। नए पौधों की रोपाई से पहले गड्ढों की मिट्टी का उचित उपचार करने को भी कहा है।