चंबा में हियाड़ के सरोह में छिंज मेले के बाद विजेता पहलवानों को सम्मानित करते मुख्यतिथि। स्त्र
तेलका (चंबा)। बाड़का पंचायत के किनौट (भैडोई) में एक दिवसीय लखदाता छिंज मेले का आयोजन किया गया। इसमें कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल यंग स्टार तेलका और सरार की टीमों के बीच खेला गया।
रोमांचक मुकाबले में यंग स्टार तेलका की टीम एक अंक से विजेता बनी। समाजसेवी लाला संजीव ठाकुर मुख्य अतिथि थे। छिंज मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने मेला कमेटी को 3100 रुपये की राशि दी। कबड्डी प्रतियोगिता की विजेता टीम को 3100 और उप विजेता टीम को 2500 रुपये बतौर इनाम दिए। घड़ा फोड़ प्रतियोगिता में शुभम जरयाल विजेता रहे। विरोला लखदाता मंदिर से झंडा ढोल-नगाड़ों की थाप पर छिंज मैदान में गाड़ा गया। कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ द्रेकड़ी -सियुला के बीडीसी सदस्य विनोद शर्मा ने किया। छोटी माली का मुकाबला तेलका के विशाल पहलवान और तीसा के सलीम के बीच हुआ। इसमें तीसा के सलीम विजेता रहे। बड़ी माली का मुकाबला कल्हेल के नजीर पहलवान और बघेईगढ़ के शरीफ के बीच हुआ। कल्हेल के नजीर पहलवान विजेता रहे। मौड़ा पंचायत के प्रधान अशोक सूर्यांश मुख्य रूप से मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने बड़ी माली के विजेता को 5100 और उप विजेता पहलवान को 3500 रुपये बतौर इनाम दिए। छोटी माली के विजेता को 3100 और उप विजेता पहलवान को 2500 रुपये इनाम दिया गया।
-