चंबा। कल्हेल-बंजली संपर्क मार्ग पर सोमवार शाम को करीब साढ़े चार बजे भूस्खलन के कारण बड़ी-बड़ी चट्टानें आने के कारण बंद हो गया।इससे मार्ग पर दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही थमी रही।
साढ़े छह बजे सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया। बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए मंगलवार को मार्ग बहाल होगा। मार्ग के दोनों ओर वाहनाें की कतारें लग गईं। उधर, मार्ग बंद होने की सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी मौके पर भेज दी है। तीसा की दो सड़कों पर भी यातायात ठप रहा।
उधर, बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण बिजली के ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण जिले के 12 गांवों में अभी तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। हालांकि, बोर्ड के कर्मचारी लाइनों की मरम्मत करने में जुटे हैं, लेकिन ट्रांसफार्मरों में आई तकनीकी खराबी के कारण अभी ग्रामीणों को सप्लाई बहाल होने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उधर, मार्ग बंद होने के बाद लोग जान जोखिम में डालकर चट्टानों को पार कर आवाजाही करते दिखे।
तीन दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश के कारण तीसा उपमंडल में 3 ट्रांसफार्मर बंद होने से 12 गांव अंधेरे में डूबे हैं। लोगों को मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि हर महीने बिल बिजली अदा करने के बाद भी तीन दिन से विद्युत सप्लाई सुचारू न करवा पाना विद्युत बोर्ड प्रबंधन की लापरवाही है।
लोक निर्माण विभाग तीसा के सहायक अभियंता संजीव अत्री ने बताया कि कल्हेल-बंजली मार्ग साढ़े चार बजे पहाड़ से बड़ी-बड़ी चट्टानें आने के कारण बंद हो गया था। दो घंटे बाद साढ़े छह बजे मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। बड़े वाहनों के लिए मंगलवार को मार्ग बहाल करवा दिया जाएगा।
उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अमित ठाकुर ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने से इस प्रकार की नौबत पेश आई है। जल्द ट्रांसफार्मर बदलवा कर बिजली सप्लाई को सुचारू करवा दिया जाएगा।