चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोल में चल रही अंडर-19 छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं के तहत मुकाबले खेले गए। इसमें छात्रा खिलाड़ियों ने जीत के लिए जमकर पसीना बहाया।
कबड्डी प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल कोहलड़ी और कीड़ी के बीच हुआ। इसमें कीड़ी की टीम विजेता रही। दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान स्कूल सरोल ने मैहला को हराया। कबड्डी का फाइनल सरोल और कीड़ी के बीच खेला जाएगा।
दूसरी तरफ वॉलीबाल प्रतियोगिता में सिढ़कुंड ने मैहला को हराया। दूसरे मैच में संधी ने बलेरा को शिकस्त दी। तीसरे मैच में कोहाल ने कुठेड़ को हराया। स्कूल प्रधानाचार्य मंगलेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 स्कूलों की 175 छात्राएं भाग ले रही हैं। बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से छात्राओं के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है।