कर्मचारियों को हिमकेयर योजना से बाहर रखना गलत : देश राज
बोले- प्रदेश की उन्नति में अहम भूमिका निभाते हैं कर्मचारी, क्या यही है व्यवस्था परिवर्तन
चेताया- सरकार ने जल्द फैसला वापस नहीं लिया तो सड़कों पर उतर करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। खज्जियार पंचायत के प्रधान एवं हिमाचल के कृषि बैंक के निदेशक देश राज शर्मा ने हिमकेयर योजना में संशोधन को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हिमकेयर योजना से कार्यरत और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों को इसके लाभों से बाहर रखना सरकार का गलत निर्णय है। सरकार ने उक्त सुविधा से प्राइवेट अस्पतालों के पैनल को भी इसके लाभों से वापस ले लिया है। उन्होंने पूछा कि क्या यही व्यवस्था परिवर्तन का मार्ग है। सरकारी वर्ग प्रदेश की उन्नति में अपनी अहम भूमिका रखता है। उसे सरकार स्वास्थ्य सुविधा देने से हाथ खड़ा कर गई है। यही वर्ग टैक्स के रूप में अपनी आमदनी का एक-एक पाई का हिसाब देकर प्रदेश की उन्नति में योगदान देता है। सरकार का इस वर्ग को स्वास्थ्य देखभाल योजना से बाहर करना सौतेला व्यवहार करने जैसा है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को मुख्यमंत्री हिमाचल स्वास्थ्य देखभाल योजना -हिमकेयर की सुविधा में पुनः शामिल करने की मांग की है। चेतावनी दी है कि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। संवाद