चंबा। रावी से अवैध खनन करने वालों के खिलाफ खनन विभाग सख्त हो गया है। विभाग ने शुक्रवार को पांच ट्रैक्टरों के चालान काटे। इसमें ट्रैक्टर मालिकों से 25,000 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। खनन विभाग ने उदयपुर में चल रहे अवैध खनन की सूचना मिलते ही रावी में दबिश दी। इस दौरान काफी संख्या में ट्रैक्टर अवैध रूप से नदी से रेत निकाल रहे थे।
जैसे ही खनन विभाग की टीम नदी के तट पर पहुंची तो खननकारी अपने ट्रैक्टर लेकर वहां से भागने लगे। इसी दौरान विभागीय टीम ने पांच ट्रैक्टरों को मौके पर दबोच लिया जिनके पास रावी से रेत निकालने को लेकर किसी प्रकार की अनुमति नहीं थी। इसके चलते विभाग ने पांचों ट्रैक्टरों के चालान काटे और उनके मालिकों को सख्त हिदायत दी कि दोबारा उनके ट्रैक्टर रावी से रेत निकालते हुए नजर नहीं आने चाहिए अन्यथा उनके वाहनों को जब्त कर लिया जाएगा। इसकी पुष्टि जिला खनन अधिकारी ज्योति पुरी ने की है। गौरतलब है कि उदयपुर, परेल और कियाणी में काफी अधिक मात्रा में रावी में अवैध खनन किया जाता है।