चंबा। मिंजर मेले में जिले के सभी विकास खंड के सांस्कृतिक दल और वाद्ययंत्र वादक लोकगीतों और देव धुनों पर प्रस्तुति देंगे। इसके लिए इन वाद्य यंत्र वादकों की प्रतियोगिता आयोजित करवाई जाएगी। बेहतरीन प्रस्तुतियों पर उन्हें पुरस्कारों से भी नवाजा जाएगा। उन्हें शुभारंभ और समापन अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल किया जाएगा। उपायुक्त डीसी राणा ने सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से जिले के चयनित लोक सांस्कृतिक दलों और विशेषकर वाद्ययंत्र वादकों को इस मर्तबा मिंजर मेले के दौरान चंबा के लोकगीतों और देव धुनों पर आधारित प्रतियोगिता में शामिल किया जा रहा है।
इससे जिला की समृद्धशाली लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की दृष्टि से उजागर करने के उद्देश्य से एक नया प्लेटफार्म उपलब्ध होगा। उपायुक्त ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा, सहायक आयुक्त मनीष चौधरी, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा और अन्य गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।