चंबा। चुराह वन मंडल के गूंगयास जंगल में देवदार के अवैध कटान मामले में अभी तक वन परिक्षेत्र अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट नहीं दी है।
वन मंडल अधिकारी ने उन्हें शीघ्र संयुक्त निरीक्षण कर काटे गए पेड़ों की संख्या रिपोर्ट में बताने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके करीब एक महीने का समय बीतने के बाद भी वन निगम और वन विभाग की संयुक्त निरीक्षण की टीम की रिपोर्ट डीएफओ कार्यालय में नहीं पहुंच पाई है।
गूंगयास जंगल में वन विभाग ने करीब 700 पेड़ों को काटने के लिए निगम को लॉट लगाया है। ठेकेदार ने लॉट का कार्य शुरू भी नहीं किया था कि जंगल में देवदार के दर्जनों पेड़ों के अवैध कटान की बात सामने आ गई। ऐसे में ठेकेदार ने लॉट में कार्य शुरू करने से इनकार कर दिया। वहीं, वन विभाग ने भी मामले में जांच बैठा दी। जिस प्रकार लॉट के नंबर लगाकर गूंगयास जंगल में अवैध कटान किया गया है, उसी प्रकार का अवैध कटान का मामला चचूल जंगल में भी सामने आ चुका है। अभी तक मामले से संबंधित वन परिक्षेत्र अधिकारी और वन खंड अधिकारी सहित वन रक्षकों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वन परिक्षेत्र अधिकारी गूंगयास जंगल में हुए अवैध कटान की रिपोर्ट डीएफओ को देने में लेटलतीफी कर रहे हैं।
वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि गूंगयास जंगल में अवैध कटान को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी से वन निगम के साथ किए संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट मांगी गई है। अभी तक रिपोर्ट नहीं पहुंची है। वन परिक्षेत्र अधिकारी को रिपोर्ट देने के लिए दोबारा कहा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।