चंबा। हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। विधानसभा क्षेत्र भटियात के कुछ क्षेत्रों में गेहूं की फसल को कीड़ा लग गया है।
फसल को कीड़ा लगने से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यह कीड़ा गेहूं के दाने को खोखला कर देता है। भटियात के कुछ क्षेत्रों में पहली बार गेहूं की फसल पर इस प्रकार के कीड़े ने हमला किया है। इस बार अधिक बारिश और ओलावृष्टि इसका कारण माना जा रहा है। उधर, किसानों ने समय रहते फसल को इस कीड़े से बचाने के लिए गेहूं की कटाई का कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, विभाग इस बात का दावा कर रहा है कि कीड़ा लगने से फसल को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। उधर, क्षेत्र में इन दिनों गेहूं की का कार्य शुरू हो गया है। जिले में 22 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती की जाती है। भटियात परिक्षेत्र में सात हजार हेक्टेयर जमीन पर किसान गेहूं की पैदावार करते हैं।
गेहूं की फसल पक कर तैयार है। अचानक इस बार भटियात क्षेत्र में फसल को कीड़ा लग गया है। यह दाने को खोखला कर देता है। इस कारण गेहूं की फसल को लेकर चिंता सता रही है। - पंजू राम
पहली बार देखा कि गेहूं की फसल को कुछ क्षेत्रों में कीड़ा लगा है। विभाग को अवगत करवाया है। विभाग का दायित्व है कि वह कीड़े से फसल को बचाने के लिए किस प्रकार उपाय करता है। - बर्फी राम
ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश ने पहले ही किसानों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। अब फसल को कीड़ा लगने से चिंता और बढ़ गई है। गेहूं की फसल काटने का सीजन भी शुरू हो चुका है। - माधो राम,
कड़ी मेहनत से फसल की बिजाई करते हैं। मौसम की मार से पहले ही समय पर बिजाई नहीं हो पाई। फसल की बिजाई की तो बारिश ने तबाही मचाए रखा। अब कीड़े ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। - अशोक कुमार
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने कहा कि इस बार भटियात परिक्षेत्र के कुछ एरिया में गेहूं की फसल को कीड़ा लगने की शिकायतें आई हैं। अब गेहूं की फसल पक रही है। यदि इसमें कीड़ा लगा है तो किसानों को डरने की जरूरत नहीं है। इस समय स्प्रे करने की जरूरत नहीं है।