चंबा। जिले के ऐतिहासिक स्थल अखंड चंडी पैलेस और चंबा पुस्तकालय की पूरी जानकारी अब एक क्लिक पर क्यूआर कोड के जरिये स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मिलेगी। क्यूआर कोड स्कैन करते हुए संबंधित स्थल की पूरी जानकारी लिखित तौर पर उपलब्ध होने के साथ ही ऑडियो के माध्यम से भी उपलब्ध रहेगी। शनिवार को अखंड चंडी पैलेस का डिजिटाइजेशन करते हुए क्यूआर कोड जारी किया गया। यह क्यूआर कोड बुक माई एक्सपीरियंस पर वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। जैसे ही पर्यटक इसे स्कैन करेंगे तो उन्हें अखंड चंडी पैलेस के इतिहास से लेकर इसके महत्व सहित तमाम जानकारी उपलब्ध हो जाएगी। पर्यटक मंदिर के बारे में पूरी जानकारी सुन सकते हैं। क्यूआर कोड नाॅट ऑन मैप और एक्ट संस्था की ओर से तैयार किया गया है। जिला मुख्यालय चंबा में शनिवार को नाट ऑन मैप, जिला पर्यटन विभाग चंबा, बुक माई एक्सपीरीयंस, भाषा विभाग, एक्ट संस्था तथा सेवा हिमालया के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भाषा एवं संस्कृति, शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क और उर्जा विभाग के सचिव राकेश कंवर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर संस्था के सह संस्थापक मनुज शर्मा भी मौजूद रहे।