भारतीय सेना ने आतंकवाद को दिया करारा जवाब : भारद्वाज
लोस सांसद की अगुवाई में चुवाड़ी बाजार में निकाली रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। स्थानीय जार में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय रैली निकाली। रैली की अगुवाई लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज ने की। रैली में पूर्व विधायक विक्रम सिंह जरयाल सहित भाजपा मंडल मेल और सिहुंता के कार्यकर्ता भी शामिल रहे। विजय रैली चुवाड़ी चौगान से शुरू होकर वापस सुदली चौक से होते हुए चुवाड़ी चौगान में संपन्न हुई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान और आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना सशक्त है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश जहां तरक्की की राह पर है वहीं, दूसरी तरफ भारतीय सेना का मनोबल भी काफी ऊंचा है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान घुसपैठियों सहित आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई है। देश वर्तमान में सुरक्षित हाथों में है। कोई भी विरोधी आंख उठाकर अब भारत की तरफ नहीं देखता है। भाजपा मंडल चुवाड़ी के महामंत्री शशि चंबियाल ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर देश की सफलता की कहानी है। आतंकवादियों समेत पाकिस्तान को देश की सेना ने करारा जवाब दिया है।