होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली के तहत दुर्गम पंचायत ग्रोन्डा में भारी बारिश से खेर नाला में बढ़े जलस्तर में 55 भेड़-बकरियां बह गईं। यह घटना बुधवार की है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। ये भेड़-बकरियां धनी राम पुत्र टीपू राम, दलीप चंद पुत्र पाल राम, जय सिंह पुत्र डुमणु राम की हैं। 22 भेड़-बकरियां बरामद कर ली गई हैैं। पशुपालन विभाग की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है।
जानकारी के मुताबिक खेर नाले में अक्सर भेड़ पालक अपनी भेड़-बकरियों को चराते रहते हैं लेकिन बुधवार को अचानक भारी बारिश से नाले का जलस्तर बढ़ गया और भेड़-बकरियां पानी के बहाव में बह गईं। ग्राम पंचायत ग्रोन्डा की प्रधान सीमा देवी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश से तीन भेड़ पालकों की भेड़ बकरियां बह गईं। 22 भेड़-बकरियां मृत मिली हैं।
कहा कि प्रभावितों को उचित सहायता प्रदान की जाएगी। नायब तहसीलदार होली टीआर ठाकुर ने बताया कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि पटवारी को मौके पर भेज दिया है। कहा कि नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा प्रभावितों को दिया जाएगा। उपमंडल अधिकारी असीम सूद ने बताया कि भारी बारिश के चलते भेड़पालकों की भेड़-बकरियां बही हैं।