चंबा। लगातार बारिश के बीच ग्राम पंचायत गुराड़ के धराटोह गांव में एक मकान का लेंटर गिर गया। इससे दो कमरे और रसोई पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे। धराटोह निवासी सरणों पुत्र मिलखी राम मंगलवार दोपहर बाद पत्नी तिमरु देवी के साथ मवेशियों के लिए घास लेने पास की पहाड़ी पर गए थे। तेज बारिश के बीच उनके मकान के एक कमरे का लेंटर गिर गया। लेंटर गिरने से मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अब यह रहने योग्य नहीं है। पीड़ित ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं। परिवार ने फिलहाल पुराने मकान में शरण ली है। घटना की सूचना मिलने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने नुकसान का जायजा लिया। पंचायत गुराड़ की प्रधान पल्लवी ने बताया कि प्रभावित परिवार का मकान क्षतिग्रस्त हो चुका है। फिलहाल परिवार पुराने घर में रह रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत राशि जारी करने की मांग की है। संवाद