चंबा। जिला कारागार सहित बाल आश्रमों में एचआईवी, टीबी सहित गैर संचारी रोगों की जांच की जाएगी। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने टीम का गठन कर दिया है। टीम को वीरवार को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण टीम में शामिल कर्मचारियों को बताया गया कि वे जेल में कैदियों और बाल आश्रमों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की जांच किस प्रकार से करेंगे। जिला निगरानी समिति की तरफ से 18 मई से 14 जून तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें यौन संचारित संक्रमण, एचआईवी, टीबी और हेपेटाइटिस बीमारी की जांच की जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने बताया कि अभियान के तहत जिले के अंतर्गत आने वाले बाल आश्रम और जेल के कैदियों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक माइक्रो प्लान बनाया है। इसके तहत यौन संचारित संक्रमण, एचआईवी, टीबी, हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों की जांच की जाएगी। कहा कि राजपुरा जेल चंबा में 23 मई को जेल में 145 कैदियों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। 24 मई को बालिका आश्रम सुराड़ा में 32 बालिकाओं की, 25 मई को 25 बालिकाओं की बालिका आश्रम तीसा में, 26 मई को गुज्जर आश्रम साहू में, 30 मई को बाल आश्रम मैहला और नौ जून को बाल आश्रम किलाड़ में 30 बालकों की जांच की जाएगी। अभियान में जिले के विभिन्न बाल आश्रमों और जेल से 260 लोगों के रक्त और शारीरिक जांच की जायगी।