चंबा में बंद पड़े खड़ामुख होली मार्ग को बहाल करने में जुटे कर्मचारी।संवाद
तीसा (चंबा)। तरवाई पुल के पास पहाड़ी गिराने के लिए की गई ब्लास्टिंग के चलते तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर सात घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही।
ब्लास्टिंग के बाद सड़क पर विशालकाय पत्थर और मलबा आ गया था। मार्ग पर यातायात ठप होने से तीसा और बैरागढ़ की ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। विभागीय टीमें मार्ग को बहाल करने के लिए दिन भर जुटी रहीं। सायं साढ़े पांच बजे सड़क से टनों के हिसाब से मलबा, चट्टानें और पत्थर हटाने के बाद ही मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी हो पाई। मार्ग यातायात के लिए बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
गौर रहे कि तीसा-बैरागढ़ मुख्य मार्ग पर तरवाई पुल के पास पहाड़ी को गिराने के लिए लोक निर्माण विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। मौसम खुलते ही विभाग ने पहाड़ी को तोड़ने के लिए ब्लास्टिंग की गई। इससे सोमवार सुबह 10:30 बजे से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थम गई। बिना पूर्व सूचना की गई ब्लास्टिंग और मार्ग के पूरा दिन भर बंद रहने से लोगों को वाहनों में बैठकर ही मार्ग बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान कई लोग जान जोखिम में डालकर पैदल पहाड़ी को पार कर दूसरे छोर से वाहनों की अदला-बदली करते नजर आए। विभागीय मशीनरी और लेबर ने कड़ी मशक्कत के बाद शाम साढ़े पांच बजे मार्ग यातायात के लिए बहाल करवा कर लोगों को राहत दिलाई। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से पहाड़ी गिराने के लिए समयसारिणी लागू करने और लोगों को पूर्व में सूचित करने का आह्वान किया है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विपन चौहान ने बताया कि ब्लास्टिंग से चट्टानें, पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा। बताया कि विभागीय लेबर और मशीनरी ने सायं साढ़े पांच बजे मार्ग बहाल करवा कर लोगों को राहत प्रदान की।