चंबा में बैठक के दौरान मौजूद होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य।संवाद
चंबा। मणिमहेश यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर की उड़ानें चंबा से गौरीकुंड के लिए होनी चाहिए। इसके अलावा यात्रा की अवधि को 21 दिन से बढ़ाकर तीन महीने किया जाना चाहिए। इससे जिला में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी। यह बात होटल एसोसिएशन की बैठक में प्रधान किशन चंद ने कही।
उन्होंने कहा कि चंबा शहर में पुराने बस अड्डे के स्थान पर बहुमंजिला पार्किंग के साथ पर्यटन सेंटर विकसित किया जाना चाहिए। इसके साथ मंगला से चंबा के लिए रोपवे का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाए। इससे चंबा में सैलानियों की संख्या बढ़ेगी और पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। कहा कि जुम्महार से कस्से वाली माता, दवाट महादेव और साहो से जुम्महार तक ट्रैकिंग और कैंपिंग साइट विकसित की जाए और जिले के प्रसिद्ध मंदिर सैलानियों के लिए दिनभर खुले रखें जाएं।
बैठक के दौरान होटल एसोसिएशन ने कहा कि हरदासपुरा से लेकर उदयपुर तक रावी नदी के तट पर एक साइकिल ट्रैक और पैदल पथ का निर्माण के लिए एसोसिएशन शीघ्र सदर विधायक नीरज नैयर और पर्यटन विभाग के चेयरमैन रघुबीर बाली से मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से जिला चंबा में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ाने की गुहार लगाई है। इस मौके पर एसोसिएशन के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
चंबा में बैठक के दौरान मौजूद होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य।संवाद