चंबा। बीते दिनों हुई भारी बारिश के चलते भटियात परिक्षेत्र के कई गांवों में खड़ी फसलों को गंभीर नुकसान हुआ है। कृषि विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर खेतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर फसलें पूरी तरह बर्बाद मिलीं, जबकि कुछ जगहों पर भूमि कटाव और जलभराव के कारण खेतों की उर्वरता भी प्रभावित हुई। किसानों ने बताया कि उन्होंने मेहनत से फसलें उगाईं थीं, लेकिन बारिश ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि क्षति का आकलन किया जा रहा है और उसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही सरकार को भेजा जाएगा।