सड़क से जुड़ेंगे आधा दर्जन गांव, कंधे से उतरेगा पालकी का बोझ
नैनीखड्ड और भराड़ी पंचायतों के लिए सड़क का काम शुरू, 1200 की आबादी को मिलेगा लाभ
84 लाख रुपये से डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण करवा रहा है लोक निर्माण विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
तुन्नूहटटी (चंबा)। नैनीखड्ड और भराड़ी पंचायतों के आधा दर्जन गांवों के मरीजों को अब पालकी में उठाकर अस्पताल नहीं ले जाना पड़ेगा। सड़क बनने से गांव तक एंबुलेंस पहुंच जाएगी। लोक निर्माण विभाग नौनीखड्ड से लेकर किहार तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण करवा रहा है। सड़क का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण पर 84 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका निर्माण होने से क्षेत्र की लगभग 1200 की आबादी को सीधा लाभ होगा।
भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत सड़क से अछूते गांवाें तक लोक निर्माण विभाग जनसहयोग से सड़कें पहुंचाने के लिए प्रयास कर रहा है। नैनीखड्ड सड्लेकर किहार तक सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों की चिर लंबित मांग को भी विभाग ने पूरा कर दिया है। विभाग ने लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने से पहले ही सड़क की कटाई करवाने को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर कार्य ठेकेदार को आवंटित कर दिया है। वर्तमान में पहाड़ काटकर सड़क बनाने का कार्य जारी है। ग्रामीणों में नरेश कुमार, प्रताप चंद, अशोक कुमार, मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, किशन चंद, दलीप कुमार और संजीव कुमार ने कहा कि क्षेत्र के खोरठभ, कूतला, भराड़ा और कटनू इत्यादि गांवों के लोग सड़क के अभाव में काफी परेशान होते थे। गांव में कोई बीमार हो जाता है तो उसे पीठ पर या पालकी में उठाकर करीब एक घंटा पैदल सफर तय कर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। सड़क पर पहुंचाने के बाद ही निजी वाहन या एंबुलेंस के जरिये मरीज को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना पड़ता था। ऐसे में कई बार तो मरीज अस्पताल तक पहुंचने से पूर्व ही दम तोड़ देते हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्ष पुरी ने बताया कि नैनीखड्ड से किहार के लिए 84 लाड्रुपये से डेढ़ किलोमीटर सड़क की कटाई का कार्य करवाया जा रहा है।