पुखरोटू के पास बनाया जा रहा पेयजल भंडारण टैंक।संवाद
तीसा (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र के अधीन आती मसरूंड, पुखरी, दुलाहर, टिकरी, कोटी और कंदला इत्यादि पंचायतों के बाशिंदों को अब भीषण गर्मी में पेयजल के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा।
जलशक्ति विभाग की ओर से साढ़े 22 करोड़ रुपये के बजट से गुन्नू नाला सपड़ाह से पानी लिफ्ट कर पखरोटू तक पहुंचाएगा। पेयजल लाइनों के जरिये इसकी सप्लाई लोगों के घरों तक पहुंचाई जाएगी। इससे लोगाें को आगामी समय में पेयजल की किल्लत से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। विभाग ने उठाऊ पेयजल योजना के तहत टेंडर आमंत्रित करवा कर कार्य ठेकेदार को आवंटित कर दिया है। इसका कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। विभाग ने ठेकेदार को कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। विभाग का लक्ष्य वर्ष 2023 जनवरी तक उठाऊ पेयजल योजना को तैयार कर जनता को सुपुर्द करने का है।
भीषण गर्मी के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में अकसर पेयजल की किल्लत से लोगों को दो-चार होना पड़ता है। इतना ही नहीं, ग्रामीण चार से छह किलोमीटर दूरस्थ स्थित प्राकृतिक जलस्त्रोंतों से भी पानी भर कर ढोकर लाते हैं। ग्रामीणों की चिर लंबी मांग को ध्यान में रखते हुए जलशक्ति विभाग की ओर से क्षेत्र का निरीक्षण कर गुन्नू नाला सपडाह से पानी को लिफ्ट कर पखरोटू तक पहुंचाने की योजना को तैयार किया गया। इसके तहत बाकायदा विभाग की ओर से प्रस्ताव बनाकर स्वीकृति के लिए भेजा गया। साढ़े 22 करोड़ की इस योजना को स्वीकृति मिलने पर विभाग ने कार्य संबंधी टेंडर आमंत्रित करवा दिया। विभाग की ओर से पानी को लिफ्ट कर फिल्टर बैड के जरिये पानी को स्वच्छ कर आगे तीन लाख क्षमता के भंडारण टैंकों में एकत्रित किया जाएगा। भंडारण टैंकों से पेयजल लाइनों के जरिये ही ये जल मसरूंड, पुखरी, दुलाहर, टिकरी, कोटी, कंदला इत्यादि पंचायतों के अधीन आने वाले गांवों के घरों में पहुंचेगा।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता केवल शर्मा ने बताया कि गुन्नू नाला सपडाह से पखरोटू उठाऊ पेयजल योजना का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। बताया कि आगामी जनवरी 2024 तक ये स्कीम बन कर तैयार करने का लक्ष्य है।