चंबा में पांगी के पुंटो जंगल में कटे हुए पेड़ों की जांच करते वन कर्मी।स्रोत विभाग
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के किलाड़ वन परिक्षेत्र के पुंटो और कालाटोप में वन विभाग ने टीडी (टेंडर डायरेक्ट) के तहत काटे गए पेड़ों की जांच की। जांच में यह पुष्टि की हुई है कि टीडी के तहत स्वीकृत किए गए सूखे या गिराए गए पेड़ों को ही काटा गया है, न कि किसी अन्य हरे पेड़ को। वन मंडल अधिकारी रवि गुलेरिया अपनी टीम के साथ जंगल में गए और कटे हुए पेड़ों के ठूंठों और विभागीय रिकॉर्ड का मिलान किया। शिकायत थी कि यहां अवैध कटान हुआ है, लेकिन जांच में ऐसा कुछ सामाने नहीं आया। जो भी पेड़ जंगल में कटे हुए मिले, उसका विभाग के पास पूरा रिकाॅर्ड दर्ज था। वन मंडल अधिकारी रवि गुलेरिया ने बताया कि जंगलों में अवैध कटान पर अंकुश लगाने के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य किया जा रहा है। विभागीय कर्मचारियों को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि जिसके इलाके में अवैध कटान पाया गया, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।