चंबा। जिला ग्राम रोजगार सेवक संघ ने उपायुक्त चंबा के साथ वकीलों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की है। संघ ने कहा कि मणिमहेश यात्रा 2025 के दौरान भारी वर्षा और आपदा की विकट परिस्थितियों में जिला प्रशासन, अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी संस्थाओं और स्थानीय जनता ने मिलकर मानव-जीवन सुरक्षित करने के लिए दिन-रात कार्य किया। 28 अगस्त को जिला बार एसोसिएशन के कुछ वकील उनसे मिलने पहुंचे और वार्ता के दौरान अभद्र भाषा व गाली-गलौज का प्रयोग किया। संघ के अध्यक्ष बालकराम ठाकुर, उपाध्यक्ष योधराज, जोगिंदर अनिल हैप्पी, महासचिव अनूप कुमार और विजय कुमार ने सरकार से मांग की है कि जिला बार एसोसिएशन चंबा के उन वकीलों पर डिजास्टर मेनेजमेंट एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाए, जिन्होंने आपदा के समय अफवाहें फैलाकर सरकारी कार्य में बाधा डाली। साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की गई।