बनीखेत में हिमाचल पेंशनर संघ बनीखेत की बैठक में समस्याओं पर चर्चा
कहा - नए निर्देशों से काफी जटिल हो गई प्रक्रिया, सरकार करे पुर्नविचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। हिमाचल पेंशनर संघ ब्लॉक बनीखेत की बैठक रविवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष बलदेव राम ठाकुर ने की।
इसमें जीवन प्रमाण पत्र से संबंधित ट्रेजरी के नए निर्देशों पर चर्चा की गई और इन्हें वृद्ध एवं बीमार पेंशनरों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला बताया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पहले जीवन प्रमाण पत्र पंचायत सचिव, पटवारी, राजपत्रित अधिकारी और बैंक प्रबंधक के माध्यम से सत्यापित कर जमा करवाया जा सकता था लेकिन नए निर्देशों के बाद प्रक्रिया काफी जटिल हो गई है। इससे दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले और अधिक आयु के पेंशनरों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने विशेष रूप से 70, 75 और 80 वर्ष से अधिक आयु के बीमार और अशक्त पेंशनरों की समस्या उठाई। बैठक में कहा गया कि नए नियमों के अनुसार ऐसे पेंशनरों को स्वयं उपस्थित होना होगा। यदि वे ऐसा करने में सक्षम नहीं हैं तो उन्हें चिकित्सक का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना पड़ेगा। संघ ने इसे व्यावहारिक नहीं बताते हुए सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस संबंध में प्रदेश पेंशनर संघ के अध्यक्ष केसी गौतम पहले ही सरकार को पत्र के माध्यम से नए निर्देशों को वापस लेने का आग्रह कर चुके हैं। ब्लॉक इकाई ने भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सरकार से मांग की है कि नए आदेशों को शीघ्र वापस लिया जाए ताकि वृद्ध और बीमार पेंशनरों को राहत मिल सके।