चंबा। विद्युत बोर्ड पेंशनर फोरम के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की है कि जल्द पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। साथ ही एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का जल्द पे रिवीजन किया जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों के लाभ बिना किसी देरी के एकमुश्त अदा किए जाएं। फोरम की बैठक जिलाध्यक्ष आत्मा राम की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पीसी ओबरॉय विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए पदाधिकारी आत्मा राम और राज्य संगठन सचिव नरसिंह रावत ने लगभग एक साल का समय बीत जाने के बाद भी मुख्यमंत्री की ओर से पुरानी पेंशन योजना बहाल नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में रोष है। बिजली बोर्ड से 50 हजार परिवार जुड़े हैं और वर्तमान के प्रबंध निदेशक की कार्यप्रणाली का खमियाजा इनके परिवार को भुगतना पड़ रहा है। पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार में बिजली बोर्ड में एक स्थायी प्रबंध निदेशक की तैनाती की मांग की है।