सलूणी (चंबा)। 44 पंचायतों के मुख्यालय सलूणी में आज तक सरकार पार्किंग नहीं बना पाई है। इस वजह से रोजाना सड़क पर ट्रैफिक जाम लगने से राहगीरों को परेशानी हो रही है।
पार्किंग के लिए प्रस्ताव तो बने, लेकिन उन पर किसी भी सरकार ने अमल नहीं किया। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और जयराम ठाकुर को भी लोगों ने पार्किंग बनाने के लिए मांग पत्र सौंपे थे, लेकिन उसके बाद भी किसी सरकार ने सलूणी में पार्किंग का निर्माण नहीं करवाया है।
सलूणी मुख्यालय में एसडीएम, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, खंड विकास अधिकारी, वन मंडल अधिकारी, डीएसपी सहित अन्य विभागों के कार्यालय हैं। यहां रोजाना लोग अपने काम करवाने पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों में आने वाले लोगों को पार्किंग की कमी के कारण परेशानी होती है। मजबूरी में लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर देते हैं। इस वजह से सड़क पर ट्रैफिक जाम होने की संभावना बढ़ जाती है। इतना ही नहीं, छोटे वाहन सड़क किनारे खड़े रहने से बड़े वाहनों को आवाजाही करने में काफी कठिनाई होती है। टैक्सी यूनियन सलूणी के प्रधान राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि वह कई बार एसडीएम के माध्यम से सरकार व जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंप चुके हैं, लेकिन आज तक कोई गौर नहीं किया गया। उधर, एसडीएम सलूणी नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि पार्किंग बनाने के लिए सलूणी में उचित स्थान तलाशा जा रहा है।
डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने बताया कि वह इस मुद्दे को विधानसभा सत्र में भी उठा चुके हैं, लेकिन मौजूदा सरकार सलूणी में पार्किंग बनाने को गंभीर नहीं है।
-
परिचर्चा
सलूणी में पार्किंग को लेकर सरकार और प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं निकल रहा है। इससे लोगों में रोष है। - राजेश कुमार, प्रधान टैक्सी यूनियन
सलूणी में पार्किंग न होने से रोजाना राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। वाहन मालिक भी इस समस्या से काफी परेशान हैं। - प्रीतम सिंह
चुनावों के दौरान पार्किंग को लेकर राजनीतिक दलों के नेता दावे तो करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद भूल जाते हैं। यही कारण है आज तक पार्किंग नहीं बन पाई। - विजय शर्मा
सरकार और प्रशासन को सलूणी में पार्किंग बनाने को लेकर शीघ्र कड़े कदम उठाने चाहिए। पार्किंग की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। - पंकज