दिल्ली गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेने के बाद चंबा पहुंचने पर बच्ची को सम्मानित करता कॉलेज स्
चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा की एनएसएस की उत्कृष्ट स्वयंसेवी वर्षा जरयाल को उनकी माता बेबी कुमारी के साथ कर्तव्य पथ नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड को देखने का सुअवसर प्राप्त हुआ। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर अविनाश ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे भारत से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के चयनित एवं उत्कृष्ट स्वयंसेवियों को अपने अभिभावकों के साथ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होने और कर्तव्य पथ, नई दिल्ली पर गणतंत्र दिवस परेड को देखने का अवसर प्राप्त हुआ। हिमाचल प्रदेश के चार स्वयंसेवियों का गणतंत्र दिवस के लिए विशेष अतिथि के तौर पर चयन माय भारत पोर्टल पर बेहतरीन काम करने के लिए हुआ था। पोर्टल पर बेहतरीन कार्य करने पर राजकीय महाविद्यालय चंबा से वर्षा जरयाल, नाहन कॉलेज से हर्ष, शाहपुर कॉलेज से काजल और हरोली कॉलेज के सागर का चयन हुआ था। वर्षा जरयाल ने कहा कि इतने बड़े राष्ट्रीय उत्सव में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होने के बाद जीवन में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा मिलती है। विशेष अतिथि के रूप में परेड देख कर वापस पहुंचीं वर्षा जरयाल को महाविद्यालय पहुंचने पर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के ग्रेड-1 अधीक्षक मनमोहन सिंह ने वर्षा जरयाल को सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वरिष्ठ सहायक रविंद्र सिंह और संजय शर्मा उपस्थित रहे।