चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में चल रही विजय कुमार मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान घोल्टी की टीम ने मेडिकल कॉलेज चंबा की टीम को 67 रन से शिकस्त दी।
इस मैच में घोल्टी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए घोल्टी की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 179 रन बनाए। इसमें पेप्सी ने सर्वाधिक नब्बे रन की पारी खेली। पेप्सी ने 13 चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि पंकज ने भी 51 रन का योगदान दिया।
मेडिकल कॉलेज की ओर से आर्यन ने एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेडिकल कॉलेज चंबा की टीम चार विकेट खोकर 112 रन ही बना सकी। इसमें ध्रुव ने 36 और तुषार ने 25 रन बनाए, मगर अपनी टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा पाए। घोल्टी की ओर से विक्रम ने दो विकेट चटकाए। यह जानकारी प्रतियोगिता आयोजन विशाल कुमार ने दी। बताया कि इस प्रतियोगिता में अस्सी टीमें भाग ले रही है। कहा कि प्रतियोगिता के तहत जल्द ही दूसरा राउंड शुरू किया जाएगा।