भटलावां के पास खराब खड़ी चंबा-खज्जियार रूस्ट की बस।संवाद
- फोटो : Chamba
मंगला (चंबा)। चंबा-खज्जियार मार्ग पर भटलवां के समीप एचआरटीसी की बस बीच राह हांफ गई। बस में आई तकनीकी खराबी का आभास होते ही चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क किनारे बस को खड़ा कर सवारियों को नीचे उतार दिया।
बीच राह बस में तकनीकी खराबी आने से 30 सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। काफी देर तक बस की मरम्मत न होने पर सवारियां निजी वाहन हायर कर जैसे-तैसे कर अपने घरों के लिए रवाना हुईं। सूचना मिलने के बाद एचआरटीसी कार्यशाला से कार्यवाहक आरएम ने मेकेनिक को बस की मरम्मत करने के लिए मौके पर भेजा।
जिले में बीच राह बसों के पहिये थमने का क्रम बदस्तूर जारी है। मंगलवार सायं 5:30 बजे एचआरटीसी की बस 30 सवारियों को लेकर अपने निर्धारित रूट चंबा-खज्जियार मार्ग पर रवाना हुई। भटालवां के समीप बस पहुंचने पर अचानक खराब हो गई। सवारियों राजीव कुमार, भुवनेश्वर कुमार, अमित कुमार, कन्हैया राम आदि ने बताया कि प्रबंधन खटारा बसें रूटों पर भेज कर सवारियों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने आरएम से रूटों पर खटारा बसें न भेजने की मांग की है।
कार्यवाहक आरएम साहिल कपूर ने बताया कि बस के गियर में तकनीकी खराबी आ गई थी। सूचना मिलने के तुरंत बाद मेकेनिक को बस को दुरुस्त करने के लिए मौके पर भेज दिया गया है।