सरोल पंचायत में गंदगी फैलाने पर जुर्माने को लेकर लगाए गए सूचना पटट के आगे धूं-धूं कर जलता कूड़ा
सरोल (चंबा)। शहर के साथ लगती सरोल पंचायत में सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा फेंकने पर 1000 से 5000 रुपये तक जुर्माना करने का बोर्ड लगा दिया गया, दूसरी ओर बोर्ड के आगे ही कूड़ा-कर्कट खुलेआम जलाया जा रहा है।
ऐसे में पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने को लेकर किए जाने वाले दावों की पोल खुलकर सामने आ गई है। हैरत की बात है कि पंचायत प्रबंधन ने लोगों को कई बार कूड़े-कर्कट को खुले में न फेंकने को लेकर चेताया है, बावजूद इसके लोग पंचायत प्रबंधन के आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। पंचायत प्रबंधन भी अब तक ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठा पाया है। उधर, पंचायत प्रतिनिधि खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाने की बात कह रहा है।
चंबा-भरमौर मार्ग पर सरोल नामक स्थान पर सरोल पंचायत प्रबंधन ने खुले में कूड़ा न फेंकने का बोर्ड लगाया है। इसमें खुले में कूड़ा-कर्कट फेंकते पकड़े जाने पर एक हजार से पांच हजार रुपये तक जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई है। बावजूद इसके लोग पंचायत प्रबंधन के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुबह या देर रात को कई बार कूड़े-कर्कट से भरी गाड़ियां भी राठघार के समीप कचरा फेंककर चली जाती हैं। इसे आग लगाकर पर्यावरण को भी प्रदूषित किया जा रहा है। सरोल में भी सूचना पट्ट के आगे कूड़ा-कर्कट आग के हवाले किया जा रहा है।
पंचायत प्रधान विजय कुमारी ने बताया कि खुले में कूड़ा-कर्कट न फेंकने की अपील लोगों से कई बार की गई है। बावजूद इसके कई लोग सुबह या रात के अंधेरे में यहां कूड़ा-कर्कट फेंक जाते हैं। कूड़े में आग लगाने वालों पर कार्रवाई होना जरूरी है। यदि कोई खुले में कूड़ा फेंकता या आग लगाते पकड़ा जाता है तो चालान करने के साथ पुलिस में भी उसके खिलाफ एफआईआर करवाई जा सकती है।