सुदली-कूट संपर्क सड़क का शिलान्यास, 81 लाख से होगा निर्माण
विस अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने छन्नू गांव के लिए पेयजल योजना की आधारशिला भी रखी
बोले- बगढार पंचायत के आसपास तीन संपर्क मार्गों के निर्माण पर खर्च किए जाएंगे 15 करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को 81 लाख रुपये से बनने वाली सुदली-कूट संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने बगढार पंचायत के छन्नू गांव के लिए पेयजल योजना की आधारशिला भी रखी। इस योजना के निर्माण पर लगभग 53 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पठानिया ने जनसभा में कहा कि बगढार के आसपास की पंचायतों के तीन मुख्य संपर्क मार्गों के निर्माण पर 15 करोड़ से अधिक राशि खर्च की जा रही है।
उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर निचली खुई संपर्क मार्ग को मुख्य गांव से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग बनाने के निर्देश भी लोक निर्माण विभाग को दिए। कहा कि क्षेत्र में 9 संपर्क मार्गों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। उन्होंने सुदली गांव में जल्द प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण का आश्वासन दिया। सुदली-कूट संपर्क सड़क को दाल गांव तक विस्तार देने के लिए पीडब्ल्यूडी को सर्वे करने के निर्देश दिए। कहा कि क्षेत्र की छह सड़कों के निर्माण पर 4 करोड़ 25 लाख खर्च किए जा रहे हैं।
कहा कि ग्रामीण संपर्क मार्गों के रखरखाव और मरम्मत कार्यों को लेकर पंचायत की बनाईं सभी सड़कों को चरणबद्ध ढंग से लोक निर्माण विभाग के तहत लाया जा रहा है। कहा कि सुदली तथा बगढार इत्यादि क्षेत्रों में पेयजल तथा विद्युत आपूर्ति की उचित व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जा रही है। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। पठानिया ने सुदली और बगढार में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। पंचायत समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण दिवाकर पठानिया, राजेश मोगरा, राजीव ठाकुर, डीएफओ रजनीश महाजन, खंड विकास अधिकारी मनीष चौधरी आदि मौजूद रहे।