चंबा में मणिमहेश खत्रा के दौरान यमकुंड के पास लगी श्रधालूओं की भीड़।संवाद
भरमौर (चंबा)। पवित्र मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इससे पहले शायद ही कभी ऐसा देखने को मिला हो कि जन्माष्टमी के न्हौण के लिए श्रद्धालुओं की लाइनें हड़सर से लेकर डलझील तक देखने को मिल रही हैं।
चंबा से भरमौर तक एनएच पर यातायात संभालना पुलिस के लिए मुश्किल हो गया है। यात्रियों को घंटों ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ रहा है। ऐसा नहीं है कि वाहनों की आवाजाही सिर्फ दिन के समय ज्यादा हो रही हो, बल्कि रात को भी एनएच पर वाहनों की आवाजाही बढ़ रही है।
हड़सर से लेकर डलझील तक विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं का पैदल जाम देखने को मिल रहा है। धन्छौ सहित अन्य पड़ावों में इसके कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। श्रद्धालु लंबी लाइनों में यात्रा करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले जन्माष्टमी के न्हौण पर इतनी अधिक संख्या में श्रद्धालु कभी नहीं पहुंचते थे। भरमौर से रोजाना करीब दस हजार श्रद्धालु मणिमहेश के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। हालांकि, भीड़ ज्यादा होने के कारण श्रद्धालु पंजीकरण भी नहीं करवा रहे हैं, क्योंकि पंजीकरण करवाने के लिए उन्हें समय ही नहीं मिल रहा है। यही वजह है कि प्रशासन अब तक श्रद्धालुओं का सही आंकड़ा तैयार नहीं कर पाया है। प्रशासनिक अधिकारी भी अंदाजन तौर पर यह मान रहे हैं कि जन्माष्टमी के न्हौण पर करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने डलझील में स्नान किया है, जबकि यह संख्या काफी तेजी के साथ बढ़ रही है। इस प्रकार से जन्माष्टमी के न्हौण पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली है। उसे देख यही लग रहा है कि इससे दोगुनी भीड़ राधाष्टमी के बड़े न्हौण को उमड़ सकती है।
मणिमहेश मंदिर के पुजारी पंडित हरिशरण शर्मा और महंत पंचम गिरी ने बताया कि उन्हें अपने जीवन काल में मणिमहेश के जन्माष्टमी न्हौण पर श्रद्धालुओं की इतनी अधिक संख्या नहीं देखी। भोलेनाथ के प्रति लोगों में आस्था यह भीड़ प्रमाणित कर रही है।