सलूणी (चंबा)। पंचायत समिति सलूणी के तहत आती पंचायतों में वर्ष 2023-24 के लिए मनरेगा के तहत दो सौ करोड़ का शेल्फ पारित किया गया। इसके तहत अब पंचायत के तहत आते गांवों में 260 के करीब विकासात्मक कार्यों को अमलीजामा पहनाने की योजना है। इसमें प्रोटेक्शन वर्क, भूमि सुधार, गोशाला, फुटपाथ, डंगे लगाना, जल संरक्षण के लिए भंडारण टैंकों का निर्माण, खेल मैदान, छोटी सड़कों का निर्माण करवाने जैसे कार्य शामिल रहेंगे। इसके अलावा बैठक में पंचायत समिति के 15वें वित्त आयोग के तहत करीब 30 लाख का शेल्फ पारित किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों विद्युत बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति विभाग, वन विभाग संबंधी शिकायतें भी उठाई गईं। इस दौरान विकास खंड अधिकारी सलूणी ओपी ठाकुर ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों को समयानुसार इन शिकायतों का निपटान करने के निर्देश जारी किए। इस अवसर पर पंचायत समिति की दुकानों के किराये में बढ़ोतरी करने संबंधी प्रस्ताव भी पटल पर रखा गया। साथ ही दुकानों का किराया अदा न करने वालों को नोटिस करने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया। पंचायत समिति की दुकानों के किराये के रूप में करीब तीन लाख अस्सी हजार रुपये की अदायगी होना अभी भी शेष है। लिहाजा अब इन दुकानदारों से सख्ती से निपटने का निर्णय किया गया है।