चंबा। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन में वीरवार को कसाकड़ा के हलवाई ने अपनी दुकान में बिकने वाले दूध, दही और पनीर की जांच करवाई। इसमें दही और पनीर के सैंपल पास हो गए। मोबाइल वैन में कार्यरत फूड एनालिस्ट अक्षय कुमार, लैब अटेंडेंट चंदन शर्मा और चालक सुमित सिंह ने उपरोक्त खाद्य तरल पदार्थों की जांच की। जबकि, सात दिनों तक चंबा में विभिन्न स्थानों में जाकर इस वैन से सौ से अधिक खाद्य पदार्थों की जांच पड़ताल की गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिकने वाले दूध, सॉस, पनीर, जूस और अन्य पेय पदार्थों की जांच की गई। जिन पदार्थों में जांच के दौरान किसी प्रकार की कमी पाई गई तो संबंधित दुकानदार को उस कमी को दूर कने के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महेश कश्यप ने बताया कि फूड टेस्टिंग वैन चंबा से जा चुकी है। वीरवार को दूध की जांच में पानी की मात्रा ज्यादा पाई गई, जो सेहत के लिए हानिकारक नहीं है। भविष्य में दोबारा इस वैन को चंबा बुलाया जाएगा।