चंबा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ऊपरी चोटियों मणिमहेश, चौबिया, कुगति, बड़ग्रां, तुंदाह, भटोड़ और क्वारसी में 5.08 सेंटीमीटर ताजा हिमपात और निचले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश का क्रम बदस्तूर जारी रहा। जिले की ऊपरी चोटियों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के यलो अलर्ट के चलते जिला प्रशासन ने लोगों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी है।
पर्यटन स्थल डलहौजी, बनीखेत, पौलहाणी, डैनकुंड, लक्कड़मंडी, तीसा, सलूणी और चंबा में सुबह से हो रही बारिश का क्रम पूरा दिन भर रुक-रुक कर चलता रहा। हल्की बारिश और ऊपरी चोटियों पर हुई बर्फबारी से जिले में शीतलहर का प्रकोप काफी बढ़ गया है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव सेंकते और चाय की चुस्की लेते दिखे। वहीं, बारिश से किसानों और बागवानों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। रमेश कुमार, दिनेश कुमार, संजीव कुमार, केवल कुमार, हरीश कुमार, शक्तिप्रसाद, लेखराज, दिलीप कुमार, प्रमोद कुमार आदि ने बताया कि गेहूं की फसल के लिए बारिश संजीवनी के समान है। बताया कि दिसंबर में बारिश न होने से किसानों की चिंताओं में इजाफा हुआ है। ऐसे में अब वर्तमान समय में होने वाली बारिश ने उन्हें राहत प्रदान की है।