चंबा। विधानसभा चुनाव के दौरान पांच मतदान केंद्रों पर रेड कारपेट पर चलकर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन्हें मॉडल मतदान केंद्र बनाया गया है। तो वहीं चंबा और डलहौजी स्थित दो मतदान केंद्रों में दिव्यांग मतदाताओं के लिए सहूलियतें प्रदान की जाएंगी। इसकी तैयारियां निर्वाचन आयोग की ओर से पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों में पोलिंग पार्टियों के पहुंचने के बाद मतदान केंद्र स्थापित करने समेत सभी तैयारियां करीब-करीब पूरी हो चुकी हैं।
विस क्षेत्र चुराह के भुई मतदान केंद्र, भरमौर विस क्षेत्र भरमौर-द्वितीय, चंबा विस क्षेत्र में मतदान केंद्र चौगान-द्वितीय, डलहौजी में कुंतेड़ी, जबकि भटियात विस क्षेत्र में सिहुंता-प्रथम मतदान केंद्र में मतदाताओं के लिए रेड कारपेट बिछाया जाएगा। मतदान केंद्रों के प्रवेश द्वार को गुब्बारों से सुसज्जित करने के अलावा मतदाताओं के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था भी रहेगी। मतदाताओं के लिए पीने के पानी समेत शौचालयों की भी व्यवस्था रहेगी। वहीं, दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
निर्वाचन तहसीलदार प्रताप सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले के पांच मतदान केंद्र मॉडल मतदान केंद्र होंगे। साथ ही दो मतदान केंद्र चंबा और डलहौजी में दिव्यांगजनों के लिए भी बनाए गए हैं। जहां पर हरेक सहूलियत मतदाताओं को देने के प्रयास रहेंगे।