चंबा। जिले में रावी नदी में 15 अगस्त तक कोई भी मछुआरा मच्छली नहीं पकड़ पाएगा। इसके लिए मत्सय विभाग ने मच्छली पकड़ने पर पाबंदी लगा दी है। दो माह के अंतराल में मच्छली अपने बच्चों को जन्म देती है। ऐसे में मच्छली का शिकार नहीं किया जा सकता है। कई मर्तबा कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए पाबंदी के बावजूद रावी नदी में अवैध रूप से मच्छली पकड़ते हैं।
ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने के लिए विभाग ने अपनी कमर कस ली है। फील्ड में स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। यह स्टाफ रोजाना रावी नदी के तटों में निरीक्षण इस बात को सुनिश्चित करेगा कि मछुआरे या अन्य लोग बिना अनुमति मच्छली तो नहीं पकड़ रहे हैं। इसके अलावा विभाग ने अपने 350 लाइसेंस धारक मछुआरों को भी सचेत कर दिया है कि वे दो माह तक रावी नदी में मच्छली न पकड़ें। ऐसा करने वाले के खिलाफ विभाग सख्ती से कार्रवाई करेगा। रावी में मच्छली पकड़कर कई लोग अपने परिवार का पालन पोषण भी करते हैं। ऐसे लोगों का कारोबार प्रभावित न हो। इसके लिए विभाग उन्हें दूसरे राज्य की मच्छली उपलब्ध करवाएगा। मत्सय विभाग के सहायक निदेशक भूपेंद्र कुमार ने बताया कि 15 जून से लेकर 15 अगस्त तक मच्छली पकड़ने पर पाबंदी लगाई गई है। इसकी अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।