पटाखों की दुकानों को सजाने में जुटा दुकानदार : संवाद
चंबा। जिले के एकमात्र खेल मैदान बारगाह में किसी प्रकार की गतिविधियां नहीं होंगी। उच्च न्यायालय में दायर याचिका के तहत बारगाह मैदान में स्टे लगने के बाद अब पुलिस विभाग ने इस मैदान को हर गतिविधि के लिए बंद कर दिया है।
अब बारगाह मैदान के बजाय पटाखा बाजार सजाने के लिए जिला प्रशासन को दूसरी जगह बाजार के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। पटाखा बाजार लगाने के लिए प्रशासन ने अब एसपी कार्यालय परिसर के साथ ही खाली जगह का चयन किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष स्थित परिसर में पटाखा बाजार लगाने के लिए तहसीलदार तैनात दिखे। ऐसे में अब आगामी समय में न्यायालय की ओर से स्टे न हटने तक किसी भी प्रकार की व्यापारिक गतिविधि पर प्रतिबंध रहेगा।
शहर के युवाओं की प्रतिभा निखारने के लिए पहले ही खेल मैदान और कोचों का अभाव है। ऐसे में पुलिस मैदान बारगाह में भी किसी प्रकार की गतिविधियां करवाने पर रोक लगाने के आदेशों के बाद युवा निराश हैं। सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए युवा इसी मैदान पर दौड़ लगाते रहे हैं। पुलिस मैदान बारगाह में पुलिस विभाग की ओर से अमूमन एक हजार रुपये किराये पर इसे व्यापारिक या खेल गतिविधि के लिए दिया जाता रहा है, लेकिन अब न्यायालय के आदेशों ने पुलिस विभाग के हाथ भी बांध दिए हैं। ऐसे में युवाओं को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ेगा। खेल मैदान के अभाव में युवाओं को विभिन्न प्रकार की भर्तियों की तैयारी अब सड़कों पर करने को विवश होना होगा। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मैदान बारगाह को किसी भी प्रकार की गतिविधि के लिए नहीं दिया जाएगा।