चुवाड़ी (चंबा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुवाड़ी के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की ओर से अग्नि सुरक्षा जागरूकता सत्र एवं फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्टाफ को अग्नि सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में उचित प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान काफी विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय पठानिया ने प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित होकर विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्र कार्बन डाइऑक्साइड, जल आधारित और ड्राई पाउडर के सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्बन डाइऑक्साइड अग्निशामक यंत्र विद्युत एवं ज्वलनशील द्रवों की आग के लिए उपयुक्त है, जबकि जल आधारित यंत्र ठोस पदार्थों (लकड़ी, कागज आदि) की आग में उपयोगी है। वहीं, ड्राई पाउडर यंत्र बहुउद्देशीय है, जो ए, बी और सी श्रेणी की आग पर प्रभावी होता है। सत्र में प्रतिभागियों को अग्निशामक यंत्रों के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आपातकालीन निकासी प्रक्रिया, सुरक्षित एकत्रीकरण स्थल तथा प्राथमिक उपचार एवं बचाव कार्यों का भी प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की प्रभारी प्रो. दीक्षा, प्रो. सिद्धार्थ, डॉ. रूप लाल, डॉ. आकाशदीप, प्रो. संतोष, डॉ. विशाल, डॉ. रीना, प्रो. सरदारी लाल, प्रो. संजय, प्रो. बलबीर एवं प्रो. विपन कुमार शामिल रहे।