अमर उजाला में प्रकाशित खबर।संवाद
चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह की पधर पंचायत के शिरयारी गांव के जंगल में चीड़ के तीन पेड़ काटने के मामले में वन विभाग के मंडलाधिकारी के आदेश पर पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद वन विभाग ने यह कार्रवाई की है। इतना ही नहीं, वन विभाग की टीमें अपने स्तर पर भी पेड़ों को काटने और अन्य पेड़ों को जलाने वाले अज्ञात वनकाटुओं की तलाश में जुट गई हैं।
बीते बुधवार को अज्ञात वन काटुओं ने शिरयारी गांव के साथ जंगल में चीड़ के पेड़ों को काटने का प्रयास किया था। रात के अंधेरे में अज्ञात वन काटुओं ने अन्य पेड़ों को आग के हवाले कर दिया था। गनीमत रही कि आग विकराल नहीं हुई, अन्यथा वन संपदा को नुकसान पहुंच सकता था। जिस जंगल में इस घटना को अंजाम दिया गया है, वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर बीते सोमवार को अज्ञात शरारती तत्वों की ओर से 15 बाइकों को सड़क पर गिराकर नुकसान पहुंचाया गया है।
वनमंडलाधिकारी सलूणी-चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि वन विभाग की ओर से पुलिस में अज्ञात वन काटुओं पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है। साथ ही वन विभाग की टीमें भी वन काटुओं की तलाश में जुटी हैं।