पुलिस के पास पहुंचे दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर करवाई क्रॉस एफआईआर
बीते दिनों कॉलेज परिसर में हुई थी झड़प, पुलिस जांच में जुटी, करीब आठ कार्यकर्ताओं पर केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। स्थानीय कॉलेज में एबीवीपी और एसएफआई के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद पुलिस ने दोनों संगठनों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता राजेश कुमार निवासी बाथी ने प्रदीप और 3 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है कि जब एबीवीपी संगठन के पदाधिकारी सुल्तानपुर कॉलेज में एसएफआई के खिलाफ शांति से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उक्त व्यक्तियों ने विरोध प्रदर्शन रोककर गाली-गलौज की और लोहे की रॉड से पीटा। इसी मामले को लेकर शिकायतकर्ता इकबाल निवासी बड़ेथी ने ललित और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है कि एबीवीपी के कार्यकर्ता उन्हें घूर रहे हैं और उन पर हमला करने की तैयारी कर रहे थे। जब वह लाइब्रेरी की तरफ जा रहे थे तो कार्यकर्ताओं ने प्रदीप को धक्का दिया और ग्रिप से उनके मुंह पर मारा। उनकी और उनके दोस्तों की पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों छात्र संगठनों के पदाधिकारियों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही आगामी जांच जारी है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि दोनों संगठनों के बयानों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।