चंबा। जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक ने पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले 16 दुकानदारों के चालान काटे हैं। इतना ही नहीं औचक निरीक्षण के दौरान निरीक्षक ने इन दुकानदारों से 9,500 रुपये जुर्माना भी वसूला। विभाग की ओर से दुकानदारों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे परचून के तहत लाए जाने वाले सामान के बिल के हिसाब से ही ग्राहकों को सामान बेचेंगे। इसके अलावा सब्जी विक्रेता को रोजाना दुकानों में मूल्य सूची भी चस्पा करनी होगी। ऐसा न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
सरकार की ओर से पॉलिथीन पर प्रतिबंद्ध लगने के बावजूद शहर की सब्जी मंडियों में पॉलिथीन में सब्जियों के पहुंचने का क्रम बदस्तूर जारी है। इसको लेकर दैनिक समाचार पत्र में कई बार विस्तार से खबरें भी प्रकाशित हो चुकी हैं। पॉलिथीन में सब्जियां लाने समेत दुकानदार भी चोरी-छिपे पॉलिथीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस संदर्भ में कई शिकायतें जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के पास पहुंची हैं। इन्हीं शिकायतों के चलते विभागीय अधिकारियों ने अब पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वालों पर नकेल कसना शुरू कर दी है। सोमवार को विभागीय निरीक्षक ने शहर के दुकानों का निरीक्षण कर पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वालों से 9,500 रुपये जुर्माना वसूला है। जिला खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार ने खबर की पुष्टि की है।