19 जून के बाद आवेदन करने वाले 260 बच्चों को मिल गए पसंदीदा विषय
मेरिट में न आने वाले विद्यार्थियों को दूसरे विषय में किया गया एडजेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा में अंतिम मेरिट सूची जारी हो गई है। हिंदी, इतिहास और राजनीति शास्त्र की सभी सीटें फुल हो गई हैं।
19 जून के बाद आवेदन करने वाले करीब 260 विद्यार्थियों को पसंदीदा विषय मिल गए हैं जबकि शेष आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को अन्य विषयों में प्रवेश दिया गया है। तीस जून तक कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चली जबकि एक जुलाई को कॉलेज प्रशासन की ओर से अंतिम मेरिट सूची जारी की गई। हालांकि, इससे पहले प्रवेश के लिए अंतिम तिथि 19 जून निर्धारित की गई थी मगर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस तिथि को बढ़ाकर तीस जून किया। लिहाजा, अतिरिक्त समय विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए मिला है। चंबा कॉलेज में लगभग 3500 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए फॉर्म भरा है। लिहाजा, अब फीस जमा करवाने के बाद ऑरिएटेंशन कार्यक्रम होंगे। इसके बाद नियमित पढ़ाई शुरू होगी। कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने बताया कि अंतिम मेरिट सूची जारी कर दी गई है। सभी विद्यार्थियों को विषय भी आबंटित कर दिए गए हैं। संवाद