खेतो में पककर तैयार हुई गेंहू की फसल: संवाद
चंबा। जिले के निचले इलाकों में गेहूं की कटाई में बारिश बाधा बन रही है। इस कारण किसानों की मुसीबतें बढ़ती जा रही है। बारिश के डर के चलते किसानों ने गेहूं की कटाई का काम रोक दिया है।
फसल की कटाई से किसान इसलिए भी पीछे हट रहे हैं कि कहीं गेहूं काटते ही बारिश हो गई तो उनकी फसल तबाह हो जाएगी। किसानों का कहना है कि पहले ही ओलावृष्टि और तेज बारिश के कारण पहले ही गेहूं की फसल खेतों में ही बिछ चुकी है। अब कटाई के दौरान अगर बारिश होगी तो फसल पूरी तरफ खराब हो सकती है। बीते कई दिन से मौसम ठंडा चल रहा है। हालांकि, इस दौरान गेहूं की फसल को धूप की काफी जरूरत होती है, लेकिन बारिश हो रही है। इस कारण एक तरफ गेंहू की फसल पक नहीं रही तो वहीं कई इलाकों में किसान बारिश के भय से कटाई नहीं कर पा रहे हैं।
किसानों में भान सिंह, जोगिंद्र कुमार, कर्म चंद, बलदेव सिंह, कैलाश कुमार और प्रदीप कुमार का कहना है कि वे अप्रैल में ही गेहूं की कटाई कर देते हैं, लेकिन इस वर्ष बारिश के कारण पहले ही कटाई का सीजन खत्म हो रहा है। बारिश गेहूं की कटाई में बाधा बन रही है। इन दिनों बारिश के होने से फसल खराब भी हो सकती है। इसकी भरपाई किसानों को महंगी पड़ सकती है। कहा कि इन दिनों बारिश की नहीं बल्कि धूप की जरूरत रहती है, लेकिन मौसम किसानों का साथ नहीं दे रहा है। कही, इलाकों में जिन किसानों ने गेहूं की कटाई शुरू की है। उन्हें भी बारिश से काफी भय है कि फसल खराब न हो जाए।
उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान का कहना है कि अब गेहूं की कटाई का सीजन शुरू हो गया है। कई इलाकों में कटाई का काम चल रहा है। कटाई के दौरान बारिश फसल के लिए सही नहीं हैं।