चंबा। उद्यान और कृषि विभाग के अधिकारी सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण एवं दृढ़ इच्छाशक्ति से कार्य करें। यह बात विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कामला में एक दिवसीय किसान जागरूकता शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी के लिए किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ व्यक्तिगत रुचि भी बहुत जरूरी है। वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के माध्यम से किसानों और बागवानों को खेती करनी चाहिए। उन्होंने किसानों को मोटे अनाज के उत्पादन के प्रति अपनी रुचि दिखाने और पैदावार करने को लेकर प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में भूमि कटाव की रोकथाम संबंधी कार्यों के लिए 100 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करवाई गई है। क्षेत्र में कूल्हों के जीर्णोद्धार को लेकर जल शक्ति विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कहा कि सरकार के लिए गरीब आदमी भगवान तुल्य है। उनका कल्याण हमारी प्राथमिकता है। इस अवसर पर उन्होंने उद्यान विभाग की ओर से किसानों और बागवानों के लिए लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वहीं किसानों और बागवानों की ओर से प्रदर्शित किए गए उत्पादों की सराहना की।