खेतों में नमी, सब्जियां बोने के लिए किसान तैयार
विभाग बोला- फ्रासबीन, टमाटर और गोभी की बिजाई के लिए उपयुक्त है समय
किसान बोले- आने वाले दिनों में बारिश न हुई तो अच्छी होगी सब्जियों की पैदावार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला चंबा के ग्रामीण क्षेत्रों में किसान फ्रासबीन, टमाटर और गोभी की बिजाई करने की तैयारी कर रहे हैं। मौजूदा समय में खेतों में नमी होने के चलते दो दिन बाद किसान बिजाई शुरू करेंगे। किसानों का मानना है कि आगामी दिनों में बारिश नहीं हुई तो फसल की पैदावार अच्छी रहेगी। विभाग ने भी सब्जियों की बिजाई के लिए इस मौसम को उपयुक्त बताया है।
बता दें कि अप्रैल में आलू, फ्रासबीन, टमाटर और गोभी की किसान बिजाई करते हैं। इसके बाद लगभग दो माह बाद यह सब्जियां तैयार होती हैं। किसान सब्जियों की सप्लाई चंबा, पठानकोट, जालंधर तक पहुंचाते हैं। इससे उन्हें अच्छे दाम मिलते हैं। सलूणी, तीसा, मैहला, तेलका, भजौत्रा, गरजिंडू क्षेत्रों के किसान इसकी खेती करते हैं।
किसानों में कुलदीप, किशन चंद, हरीश कुमार, योगराज, हंस राज और भाग सिंह ने कहा कि वे इन फसल की बिजाई को लेकर तैयारी कर रहे हैं। कुछ दिनों बाद इसकी बिजाई शुरू होगी। उन्होंने कहा कि अगर बिजाई के वक्त बारिश होती है तो फसल को नुकसान हो सकता है। अगर बिजाई के बाद बारिश होगी तो फसल की अच्छी पैदावार होगी। कहा कि विभाग की ओर से भी यही सलाह मिली है कि इन फसलों की बिजाई आरंभ करें।
उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने कहा कि यह मौसम सब्जियों की बिजाई के लिए बेहतर है। किसान फ्रासबीन, टमाटर और गोभी की बिजाई शुरू कर सकते हैं।